कोरोना से मौत में भारत तीसरे नंबर पर, 9 लाख मौतों के साथ अमेरिका टॉप पर, दूसरे स्थान पर ब्राजील

भारत में कोरोना वायरस से मरने वाले मरीजों की संख्या 5 लाख के पार पहुंच गई है। वर्ल्डोमीटर्स के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में 1,100 मौतें हुई हैं, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 5,00,087 पर पहुंच गई है। कोरोना से होने वाली मौतों में भारत का तीसरा स्थान है। अमेरिका में कोरोना से अब तक 9.1 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में सबसे ज्यादा मौतें हुई है. अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर ब्राजील है। ब्राजील में अब तक 6.3 लाख लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी हैं। भारत के बाद रूस चौथे स्थान पर है। वहां, अब तक 3.33 लाख लोगों ने कोरोना के चलते जान गंवाई है। भारत में अब तक भारत में कोरोना से अब तक 4.19 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 4 करोड़ ठीक भी हो चुके हैं। मौजूदा स्तिथि में 14.35 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

देश में कोरोना से मौत का पहला मामला 12 मार्च 2020 को आया था। 2 अक्टूबर 2020 को कोरोना के चलते देश में 1 लाख लोगों की जान चली गई थी। कोरोना की पहली लहर में 1.55 लाख लोगों की मौत हुई थी। यह लहर मई 2020 से जनवरी 2021 तक चली। भारत में कोरोना की दूसरी लहर कहर बनकर टूटी। इस लहर में 3.24 लाख लोगों की जान गई। दूसरी लहर के पीक पर एक दिन में औसत 4 हजार तक लोगों की मौत हुई। वहीं, भारत में इस समय कोरोना की तीसरी लहर चल रही है। दूसरी लहर की तुलना में यह कम भयावह रही है। जनवरी से शुरू हुई इस लहर में अब तक सिर्फ 11,600 मरीजों की जान गई है। इस लिहाज से कहा जा सकता है कि भारत में कोरोना से मरने वालों की संख्या की रफ्तार पहले की तुलना में धीमी हुई है।

देश में कोरोना वायरस से मरने वाले की संख्या के मामले में महाराष्ट्र सबसे ऊपर है। यहां अब तक 1.42 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके बाद केरल में 56,701 और तमिलनाडु में 39,197 मौतें हुई है।