कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस देश ने मास्क पहनना किया अनिवार्य

नई दिल्ली। कोरोना एक बार फिर से अपने पैर तेजी से फैलाता जा रहा है। भारत में भी प्रतिदिन कोविड के मरीजों में वृद्धि के साथ-साथ मौतों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। वहीं विश्व के एक अन्य देश स्पेन में कोविड ने एक बार फिर से अपना जाल फैला लिया है।

स्पेन में कोविड तेजी से पैर पसार रहा है। स्पेन उन आखिरी यूरोपीय देशों में से एक था, जिसने कोविड महामारी के बाद भी लोग फेस मास्क को फरवरी 2023 तक हर जगह पहन रहे थे। स्पेन के लोगों में सांस लेने की समस्या तेजी से बढ़ी है। यूरोप में महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में से एक स्पेन में 2020 की शुरुआत से कुल 13,914,811 कोविड मामलों की पुष्टि हुई है और 1,21,760 मौतें हुई हैं।

स्पेन के स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने देश भर के स्वास्थ्य केंद्रों में मास्क पहनना कम्पल्सरी कर दिया क्योंकि स्पेन में इस समय फ्लू और कोविड संक्रमण अपनी पीक पर है। स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने अस्पतालों और स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों में मास्क पहनने का आदेश दिया और निजी क्लीनिकों, फार्मेसियों और डेंटिस्ट क्लिनिक जैसी अन्य चिकित्सा सुविधाओं में मास्क पहनने की लोगों से सिफारिश की है। मंत्रालय का कहना है कि हमें अपने सबसे कमजोर और जल्दी संक्रमित होने वाले लोगों को बचाना है।

कई स्पेनिश क्षेत्रों ने पिछले हफ्ते ही अस्पतालों में मरीजों, विजिटर्स और कर्मचारियों को मास्क पहनने का आदेश दिया था। स्पेन की केंद्र सरकार ने सोमवार को इस आदेश को देशभर में लागू करने की बात कही। मैड्रिड और कैस्टिले-लियोन सहित कुछ क्षेत्रों की आपत्तियों के बावजूद स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने इस बात को माना की सेफ्टी बेहद जरूरी है। हाल ही के हफ्तों में स्पेन में कोविड-19 और फ्लू के मामले तेजी से बढ़े हैं। अगर दो हफ्ते में संक्रमण कम होता है तो ठीक वरना बाकी के भी कदम उठाए जाएंगे।