उत्तरप्रदेश : सिर पर डंडा मारकर पति ने ले ली पत्नी की जान, चरित्र पर शक के चलते था तैश में

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां चरित्र पर शक के चलते पति तैश में आया और उसने पत्नी के सिर पर डंडा मारकर जान ले ली। वारदात मंगलवार सुबह की है। सूचना पर सोनहा थाने की पुलिस तेनुआ असनहरा पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ धनजंय सिंह कुशवाहा ने बताया कि आरोपित श्याम सुंदर की तलाश की जा रही है। वह पत्नी सुनीता पर शक करता था। इसी कारण पति-पत्नी में विवाद होता था। मंगलवार को सुबह भी विवाद हुआ था। जिसके बाद यह घटना हुई। इस संबंध में मृत के भाई राम बहोरे निवासी सोनबरसा थाना खोडारे जनपद गोंडा ने तहरीर दी।

रिपोर्ट में बताया गया कि तेनुआ असनहरा में श्याम सुंदर के साथ उसकी बहन सुनीता की करीब 20 वर्ष पहले शादी हुई थी। गांव वालों के अनुसार पति पत्नी पर शक करता था। एकलौते श्याम सुंदर की चार बेटी एक बेटा है। घर में अब बाप-मां कोई नहीं है। श्याम सुंदर की थोड़ी खेती है, जिसके सहारे उसका परिवार चलता है। वह खुद घुमक्कड़ टाइप का है और घर से कई कई दिन गायब रहता है। लोग बताते हैं कि घर आने पर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। सोमवार रात भी वह कहीं से घर आया और इसे लेकर पत्नी से कहासुनी हुई। सुबह तैश में आकर उसने मोटे डंडे से सुनीता के सिर पर वार कर दिया।