पंजाब : नशे में पति ने कर डाली पत्नी की हत्या, सो रही पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला

पंजाब के बरनाला जिले के गांव भूरे में नशा युवक पर हावी हो गया और उसने सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से काट हत्या कर डाली। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। थाना धनौला के प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि मृतका के भाई वकील सिंह के बयान पर आरोपी जगसीर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार जगसीर सिंह (35) निवासी गांव भूरे की शादी हरप्रीत कौर के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। पति-पत्नी ईंट भट्ठे पर काम करते थे। जगसीर सिंह शराब पीने का आदी था। 31 मार्च की रात को वह नशे की हालत में घर आया। किसी बात पर उसका पत्नी के साथ झगड़ा हो गया। एक अप्रैल की सुबह वह उठा और घर से चला गया। जब घर लौटा तो नशे में धुत था। उसकी पत्नी सो रही थी। उसने कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी की हत्या कर मौके से फरार हो गया। मृतका के भाई वकील सिंह ने बताया कि उसका जीजा शराब पीने का आदी है। शराब पीकर वह अक्सर उसकी बहन से झगड़ा करता था।