उत्तर प्रदेश : पत्नी ने खाना बनाने से किया इंकार, पति ने उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के एक युवक ने अपनी पत्नी को मौत के घाट इसलिए उतार दिया क्योंकि उसने खाना बनाने में देरी कर दी थी। मासूम बेटा और बेटी ने अपने पापा की हैवानियत का खुलासा किया।

थाना ईकोटेक-3 इलाके में खाना बनाने में देरी होने पर एक युवक ने शनिवार रात कुलेसरा गांव में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भाग गया। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कुछ दिन से दंपति में मनमुटाव चल रहा था

- मूल रूप से अंबेडकर नगर, फर्रखाबाद निवासी मुकेश का विवाह दस वर्ष पूर्व उन्नाव निवासी रेखा से हुआ था। दोनों परिवार समेत कुलेसरा गांव में रह रहे थे।
- दंपती के दो बच्चे हैं।
- मुकेश एक फैक्ट्री में नौकरी करता है।
- कुछ दिन से दंपति में मनमुटाव चल रहा था।
- पुलिस का कहना है कि शनिवार रात लगभग नौ बजे मुकेश ने रेखा से खाना बनाने के लिए कहा था, लेकिन रेखा रूठी हुई थी। उसने खाना नहीं बनाया। काफी देर तक मुकेश ने खाना मांगा।

दुपट्टे से रेखा का गला घोट दिया

- खाना नहीं बनाने का पता चलने पर मुकेश भड़क गया। उसने रेखा के दुपट्टे से उसका गला घोट दिया। इससे रेखा की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी भाग गया।

देर तक मां को उठाते रहे बच्चे

- बताया गया है कि रेखा की मौत के बाद उसका बेटा व बेटी उसे देर तक उठाते रहे। वह नहीं उठी तो दोनों बच्चे तेज आवाज में रोने लगे। इसकी आवाज सुनकर पड़ोसी व अन्य ग्रामीण पहुंचे।