उत्तर प्रदेश : दोस्ती हुई शर्मसार, दोस्त की गर्भवती पत्नी से घर में घुसकर किया दुष्कर्म का प्रयास

दोस्ती का रिश्ता इंसान खुद चुनता है जिसके चलते इसे भरोसे वाला रिश्ता माना जाता हैं। लेकिन अगर दोस्त ही आपके परिवार को नुकसान पहुंचाए तो। ऐसी ही एक शर्मनाक घटना हुई कानपुर के गोविंदनगर थाना क्षेत्र में जहां घर में घुसकर एक गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया और अपराधी पति का दोस्त ही था। विरोध करने पर उसे पीटा भी। पीड़िता ने चौकी इंचार्ज पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया है। दादानगर फैक्टरी एरिया चौकी क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:30 बजे वह घर पर आठ साल की बच्ची के साथ थी।

इस बीच पति का दबौली निवासी दोस्त राजा लूली घर में आया। बेटी ने दरवाजा खोला तो वह अंदर घुस आया और दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर वह भाग निकला। रात करीब 10 बजे घर लौटे पति को घटना की जानकारी दी। पति उसके घर पहुंचे तो मारपीट कर उन्हें भगा दिया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब वह तहरीर देने गई तो चौकी इंचार्ज रामसिंह ने गालीगलौज कर उसे भगा दिया। मामला थाना प्रभारी अनुराग मिश्रा के पास पहुंचा तब चौकी इंचार्ज ने जांच शुरू की। वहीं चौकी इंचार्ज ने महिला के आरोपों को निराधार बताया है।