शराब के नशे ने ले ली एक और जान, पत्नी की मनाही पर पति ने कर डाली पीट-पीटकर हत्या

शराब का हमेशा से ही विरोध होता आया हैं जिसके चलते ही गुजरात और बिहार जैसे राज्यों में इनपर प्रतिबन्ध हैं। शराब का नशा इंसान को आप खो देने पर मजबूर कर देता है। ऐसा ही एक नजारा देखने को मिला हिमाचल के मंडी जिले के नेरचौक के मंडल गांव में जहां पत्नी द्वारा पति को शराब पीने की मनाही पर पति ने शराब के नशे में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

यह वारदात गुरुवार देर रात हिमाचल के मंडी जिले के नेरचौक के मंडल गांव की है। 55 वर्षीय आरोपी कृष्ण चंद को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक महिला की पहचान बिंद्रा देवी (52) के रूप में हुई है। घर पर यही दोनों रहते थे। डीएसपी मंडी अनिल पटियाल ने बताया कि कृष्ण चंद्र पल्लेदारी का काम करता है।

गुरुवार देर शाम उसने और उसके तीन दोस्तों ने मिलकर घर पर ही शराब पी। शराब खत्म हो गई तो आरोपी एक और बोतल निकालने लगा। पत्नी ने रोका तो झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच नशे में धुत कृष्ण चंद्र ने पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। इस पर कृष्ण चंद्र घर से बाहर जाकर सो गया। सुबह उठा तो बिंद्रा देवी मर चुकी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दावा किया जा रहा है कि आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।