काबुल एयरपोर्ट पर अफगानिस्तान छोड़कर भागने वालों की भीड़ के अमेरिकी विमान के पहियों पर बैठने के वीडियो सामने आने के बाद अमेरिकी वायुसेना (US Air Force) ने कहा है कि अफगानिस्तान (Afghanistan) के काबुल (Kabul) से उड़ान भरने वाले C-17 ग्लोबमास्टर के पहियों पर मानव शरीर के अवशेष पाए गए हैं। अमेरिका की वायुसेना की ओर से मंगलवार को एक बयान जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा, 'मानव अवशेष सी-17 ग्लोबमास्टर के व्हीलवेल पर पाए गए, जिसने मंगलवार को काबुल से उड़ान भरी थी और कतर के अल उदीद एयर बेस पर उतरा था।'
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद देश छोड़ने वालों की काबुल एयरपोर्ट पर होड़ लगी है। इससे पहले एक और दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आ चुका है। वीडियो में अमेरिकी विमान के टेक ऑफ करने के कुछ ही देर बाद पहियों पर बैठे लोग गिरते दिख रहे थे।
सैटलाइट तस्वीरों में भी काबुल एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी साफ तौर पर दिख रही है। यहां एक तरफ दूसरे देश अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालना चाहते हैं तो वहीं, तालिबान के काले इतिहास के डर से अब हजारों अफगानी भी देश छोड़कर भागना चाहते हैं।
अमेरिकी वायुसेना ने कहा है कि वह उन काबुल से उड़े सी-17 विमान के पहिये पर मिले मानव शरीर के अवशेष की जांच कर रही है। वायुसेना ने बयान जारी कर कहा है, 'रविवार को अमेरिकी वायुसेना का सी-17 ग्लोबमास्टर 3 विमान जरूरी उपकरण पहुंचाने के लिए काबुल के हामिद करजई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। हालांकि, जरूरी उपकरणों को विमान से निकालने से पहले ही सैकड़ों अफगानी प्लेन में घुस गए। खराब होती स्थिति को देख क्रू ने जल्द-से-जल्द विमान को वापस ले जाने का फैसला किया।'