हिमाचल में कल ठप रहेगी बस सेवाएं, HRTC की 3350 बसों के कर्मचारी हड़ताल पर

कल सोमवार को प्रदेश के लोगों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता हैं क्योंकि एचआरटीसी आज रविवार रात 12 से सोमवार 12 बजे तक सड़कों पर बस नहीं उतारेगी। एचआरटीसी के बेड़े में 3350 बसें हैं जिसके कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे जिससे लोगों को परेशानी होना स्वाभाविक हैं। हांलाकि लोकल रूटों पर भले ही निजी बसें चलती रहें, लेकिन लंबे रूट पर बस सेवाएं बाधित रहने से लोगों को परेशानी होगी। बाहरी राज्यों के लिए रात 12 बजे के बाद बसें नहीं चलेंगी। इसी तरह दिल्ली, पंजाब, हरियाणा से हिमाचल प्रदेश में आने वाली बसें भी नहीं आएंगी। इस संबंध में बाहरी राज्यों को जाने वाले चालक-परिचालकों को अवगत कराया गया है।

लोग तीन दिनों की छुट्टियों व दशहरे के चलते घर गए हैं। ऐसे में सभी अब सोमवार को अपने-अपने कार्यालयों को आएंगे। ऐसे में दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों को परेशानी आएगी। एचआरटीसी के कर्मचारी मुख्यालय समेत अन्य यूनिटों में प्रदर्शन करेंगे। चालकों-परिचालकों के अलावा अन्य स्टाफ भी हड़ताल में शामिल रहेगा।

हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति का कहना है कि 14 सितंबर को निगम प्रबंधन को हड़ताल का नोटिस दिया था। बावजूद कर्मचारियों की मांगों को अनसुना किया। अब हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। समिति के सचिव खेमेंद्र गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों का महंगाई भत्ता, ओवरटाइम, पेंशन, ग्रेच्युटी, कंप्यूटेशन, लीव एनकैशमेंट, जीपीएफ, मेडिकल रिवर्समेंट, डीए, आईआर बकाया है। यह सब मिलाकर करीब 582 करोड़ रुपये का भुगतान कर्मचारियों का देय बनता है। इसके चलते प्रदर्शन किया जा रहा है।