उत्तरप्रदेश : अज्ञात हमलावरों ने वृद्ध को मारी गोली, चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था शव

उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में तब सनसनी फ़ैल गई जब बुधवार सुबह परतापुर के टीपी नगर क्षेत्र में महावीरा अस्पताल के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह हत्या का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। सीओ अमित कुमार का कहना है कि कुछ मुख्य बिंदु मिले हैं, जिन पर पुलिस काम कर रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। यशपाल सिंह के चार बेटे हैं, जिनमें तीन एक साथ व एक बेटा अलग रहता है।

टीपी नगर थाना क्षेत्र के मुल्ताननगर निवासी यशपाल सिंह (82 वर्ष) पुत्र करन सिंह का मुल्ताननगर के पास ही महावीरा नाम से अस्पताल है। अस्पताल से कुछ दूरी पर ही जय शिव के नाम से धर्म कांटा भी है। मंगलवार रात यशपाल सिंह अपने धर्म कांटे पर सोए हुए थे। वहीं मंगलवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने वृद्ध को गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आज सुबह जब परिवार के सदस्य वहां पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। यशपाल का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। सीओ ब्रह्मपुरी अमित कुमार राय भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।