गृह मंत्री अमित शाह ने द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई, बताया लोकतंत्र की जीत

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति बन गई हैं। वो भारत की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। गुरुवार को आए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों में NDA की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को तीसरे राउंड की गिनती में ही हरा दिया। द्रौपदी मुर्मू 676803 मूल्य के वोट मिले, जबकि यशवंत सिन्हा के खाते 380177 मूल्य के वोट गए। द्रौपदी मुर्मू ने कुल वैध मतों का 64.03% हासिल किया जो कि 2017 में निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से कम है। उन्हें कुल मतदान का 65.65% हासिल हुआ था। यशवंत सिन्हा को 35.97% वोट मिले।

द्रौपदी मुर्मू की जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें बधाई दी है। अपने सिलसिलेवार ट्वीट में गृ​ह मंत्री ने कहा, 'श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को देश के सर्वोच्च पद पर चुने जाने के ऐतिहासिक क्षण पर उनसे भेंट कर उन्हें बधाई दी। राष्ट्रपति चुनाव में उनकी प्रचंड विजय पर पूरा देश विशेषकर जनजातीय समाज उत्साह व हर्षोल्लास के साथ जश्न मना रहा है।'

केंद्रीय गृ​ह मंत्री अमित शाह ने आगे लिखा, 'मोदी जी के नेतृत्व में NDA के सहयोगियों,अन्य राजनीतिक दलों व निर्दलीय जनप्रतिनिधियों का जनजातीय गौरव श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के पक्ष में मतदान करने पर आभार व्यक्त करता हूं। मुझे विश्वास है कि भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू जी का कार्यकाल देश को और गौरवान्वित करेगा। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी जिन विषम परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज देश के इस सर्वोच्च पद पर पहुंची हैं, वह हमारे लोकतंत्र की अपार शक्ति को दर्शाता है।'

अमित शाह ने अपने अगले ट्वीट में लिखा, 'इतने संघर्षों के बाद भी उन्होंने जिस निःस्वार्थ भाव से खुद को देश व समाज की सेवा में समर्पित किया वो सभी के लिए प्रेरणीय है। एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली NDA प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का पल है, उन्हें बधाई देता हूं। यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने व जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है।'

आपको बता दे, वर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। द्रौपदी मुर्मू इसी दिन भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण कर सकती हैं।