होली पर राजस्थान सरकार का बड़ा तोहफा: CNG-PNG सहित सभी गैसों के दाम हुए कम, जानें नई दरें और लागू होने की तारीख

राजस्थान सरकार ने होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी है। राजस्थान स्टेट गैस (RSG) ने कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) समेत डीपीएनजी, सीपीएनजी और आईपीएनजी प्राकृतिक गैस की दरों में कटौती कर आम उपभोक्ताओं को राहत दी है। अब राजस्थान स्टेट गैस के सीएनजी स्टेशनों पर सीएनजी गैस 2.12 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती मिलेगी।

CNG समेत DPNG, CPNG और IPNG की नई दरें

राजस्थान स्टेट गैस के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह के अनुसार, कोटा में अब सीएनजी 91.09 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी, जिससे उपभोक्ताओं को 2.12 रुपये प्रति किलो की राहत मिलेगी। अन्य कटौती इस प्रकार है:

घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (DPNG) – 1.25 रुपये की कटौती के साथ 49.35 रुपये प्रति SCM
व्यावसायिक पाइप्ड नेचुरल गैस (CPNG) – 1.50 रुपये की कटौती के साथ 64.50 रुपये प्रति SCM
औद्योगिक पाइप्ड नेचुरल गैस (IPNG) – 1.41 रुपये की कटौती के साथ 60.59 रुपये प्रति SCM

नई दरें 13 मार्च की रात 12 बजे से लागू होंगी, यानी 14 मार्च से उपभोक्ताओं को यह सुविधा मिलेगी।
सीएम भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में की बड़ी घोषणा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को विधानसभा में वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान प्रदेशवासियों को राहत देने की घोषणा की। माइंस सचिव और आरएसजीएल के चेयरमैन टी. रविकांत ने बताया कि मुख्यमंत्री ने CNG और PNG पर वैट दर को 10% से घटाकर 7.5% करने का ऐलान किया है। इसके तहत, राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (RSGL) ने गुरुवार रात 12 बजे से नई दरें लागू करने का फैसला किया, जिससे आम उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिलेगी।