Himachal Pradesh: कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद भी डॉक्टर संक्रमित, अस्पताल में मचा हड़कंप

हिमाचल प्रदेश के शिमला के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल (डीडीयू) में पैथोलॉजिस्ट डॉक्टर कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लेने के 14 दिन बाद कोरोना संक्रमित पाए गए है। सोमवार को उनका रैपिड टेस्ट किया गया जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनकी पत्नी भी पॉजिटिव हैं। डॉक्टर की पत्नी और बेटी को बुखार था जिसके बाद सोमवार को वह अस्पताल आए थे। जिसके बाद डॉक्टर और उनकी पत्नी का रैपिड टेस्ट किया गया और बेटी का आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया गया। डॉक्टर के संक्रमित होने के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर कुछ दिन पहले कर्मियों से मिले थे। एहतियात के तौर पर माता-पिता का भी आरटीपीसीआर सैंपल लिया गया है और इनकी रिपोर्ट आनी बाकी है। कोरोना संक्रमित डॉक्टर होम आइसोलेशन में हैं। निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही उन्हें ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए कहा गया है।

30 जनवरी को पहली, 1 मार्च को लगी थी दूसरी डोज

डीडीयू अस्पताल के डॉक्टर को 30 जनवरी को पहली डोज लगाई गई थी। इसके बाद 1 मार्च को दूसरी डोज लगाई गई। चौदह दिन बाद डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बता दें कि बीते सप्ताह सोलन जिले में भी एक महिला डॉक्टर कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लेने के बाद पॉजिटिव मिली थी।

यह है राज्य का हाल

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को कोरोना की जांच के लिए 5296 लोगों के सैंपल लिए गए थे, इनमें से 5031 की रिपोर्ट निगेटिव और 205 सैंपलों की रिपोर्ट बाकी है। प्रदेश के संक्रमितों का आंकड़ा 59 हजार 750 पहुंच गया है। सक्रिय मामले अब 757 हैं। अब तक 57 हजार 982 संक्रमित ठीक हो चुके हैं और 997 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।