भारत में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देख घबराया नेपाल, सीमा चौकियां हाईअलर्ट पर

कोरोना ने फिर से अपनी रफ्तार पकड ली हैं जिससे चिंता और बढ़ गई हैं। बीते दिन भारत में कोरोना के 50 हजार से अधिक आए मामलों ने पड़ोसी देश नेपाल की भी चिंता बढ़ा दी हैं जिसके चलते नेपाल सरकार ने भारत से जुड़े अपनी सीमा चौकियों को हाईअलर्ट पर रखा हैं। भारत से नेपाल आना-जाना बेहद आसान माना जाता हैं लेकिन अब सख्ती के चलते सभी की गहनता से जांच की जा रही हैं। नेपाल में भी कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। देश के स्वाथ्स्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में नेपाल में 145 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 2.76 लाख तक पहुंच गई है। हालांकि सक्रिय केस की संख्या बहुत कम होकर 1,182 ही है।

नेपाल भारत से सटा हुआ व आसान आवाजाही वाला देश है। उसके आठ जिलों की सीमाएं भारत से लगती हैं। सीमा क्षेत्र की लंबाई करीब 464 किलोमीटर है। इन जिलों में 67 सीमा चौकियां हैं। इन पर नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) पहरेदारी करता है। यहां तैनात बल के जवानों को निर्देश दिया गया है कि वे भारत से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की कोरोना जांच करें। सीमा चौकियों पर हेल्थ डेस्क बनाई जा रही हैं।

विश्व में साढ़े बारह करोड़ से ज्यादा हुए संक्रमित

कोरोना महामारी से पूरी दुनिया परेशान है। विश्व में अब तक 12.51 करोड़ लोग कोरोना संक्रमण के शिकार हो गए हैं। इनमें से 10.10 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 27.50 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 2.13 करोड़ मरीज महामारी से जूझ रहे हैं। कोरोना से मौतों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। गत 24 घंटे में विश्व भर में 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई। इनमें से सर्वाधिक 3,158 मौतें ब्राजील में हुई।