कुछ घंटों की बारिश में पानी-पानी हुई मुंबई, तस्वीरों में देखिए शहर का हाल

मुंबई में गुरुवार देर रात से हो रही बारिश शुक्रवार सुबह भी जारी है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव होने से यातायात बाधित हो गया। वडाला, कुर्ला, चूनाभट्टी, सायन, बांद्रा, अंधेरी, जोगेश्वरी और सांताक्रूज सहित शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। भारी बारिश के चलते BMC ने बसों के रूट बदल दिए हैं। हार्बर लाइन पर चलने वाली लोकल ट्रेन सेवा भी प्रभावित हुई हैं। एयरपोर्ट के रनवे पर पानी भर गया है। हालांकि, अभी उड़ानों पर असर पड़ने की जानकारी सामने नहीं आई है। मुंबई के अलावा ठाणे और रायगढ़ के लिए भी मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

मुंबई में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए पुणे से NDRF की तीनों टीमों को मुंबई शिफ्ट कर दिया गया है। सेंट्रल रेलवे के CPRO शिवाजी सुतार ने बताया कि भारी बारिश के कारण सभी कॉरिडोर ट्रेनें लेट चल रही हैं। ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के साथ ही अब वेस्‍टर्न एक्‍सप्रेसव हाईवे पर भी भारी जाम लग गया है। तेज बारिश के कारण दहिसर चेक नाका पर भी लंबा जाम देखा जा रहा है, वहीं मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर होने वाली बारिश से लोगों की मुसीबत और बढ़ेगी।

बारिश की वजह से आज भी मध्य रेलवे की लोकल सेवा 20 से 25 मिनट देरी से चल रही है। कुर्ला और विद्या विहार के बीच ट्रैक पर रेलवे ट्रैक पर जलजमाव की वजह से ट्रेनों की आवाजाही दिक्कत हो रही है। स्लो लाइन का ट्रैफिक भी कुर्ला और विद्याविहार स्टेशन के बीच में फ़ास्ट रूट पर डाइवर्ट किया गया है। हालांकि ट्रांस-हार्बर लाइन यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि मुंबई और उसके उपनगरों में अगले 24 घंटे में हल्‍की से मध्‍यम बारिश और कुछ स्‍थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। मुंबई में भारी बारिश के कारण गांधी मार्केट इलाके में जल-जमाव हो गया है। मानसून के समय ये इलाका हमेशा जलमग्‍न हो जाता है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने भी लोगों से समुद्र तट से दूर रहने और जलजमाव वाले इलाकों में न घूमने का अनुरोध किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के एस होसलीकर के अनुसार, गुरुवार शाम 4 बजे से शुक्रवार सुबह 7 बजे तक मीरा रोड में 73 मिमी, जुहू में 136 मिमी, महालक्ष्मी 56.5 मिमी, सांताक्रूज में 25, बंदर 141 मिमी भयंदर 53 मिमी और दहिसर में 76.5 मिमी बारिश हुई है।

बता दें कि मुंबई में 1 जून से अब तक कुल 1291.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 48% अधिक है। पिछले एक हफ्ते में ही मुंबई में लगभग 302 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 77% अधिक है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और पालघर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का संकेत देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। पुणे, रायगढ़, कोल्हापुर और सतारा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रत्नागिरी जिले के लिए रेड अलर्ट का संकेत दिया गया था।