हरियाणा: यमुना में नहाने गए 10 युवकों पर ईंट-पत्थरों व तेजधार हथियार से हमला, 5 नहर में डूबे, 5 ने छिपकर बचाई जान

हरियाणा के यमुनानगर में 10 युवकों पर दूसरे गुट के लोगों ने हमला बोल दिया। जिन युवकों पर हमला किया गया वे सभी यमुना में नहाने गए थे। नहाने के दौरान युवकों पर ईंट-पत्थरों व तेजधार हथियार से हमला किया गया। यह युवक अपनी जान बचाने के लिए यमुना के गहरे पानी में उतरते गए। जब तक युवक पानी में नजर आते रहे दूसरे ग्रुप के लोग ऊपर से पत्थरबाजी करते रहे। इसने 5 युवक यमुना में डूब गए और बाकी 5 लोगों ने किसी तरह छिपकर जान बचाई।

हमलावरों ने यमुना में डूबने वाले युवकों की कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस व वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लापता युवकों की तलाश शुरू कर दी गई। लगातार कई घंटे की तलाश के बावजूद लापता 5 युवकों का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। इन युवकों के परिजनों का आरोप है कि 2 साल पहले दूसरे पक्ष के लोगों के साथ उनका झगड़ा हुआ था। जिसका मामला अदालत में चल रहा है। इसी में 2 दिन बाद गवाही थी। उसी मामले को लेकर रंजिश के तहत यह हमला किया गया। जो 5 युवक लापता है उनकी उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच में बताई जा रही है। इन सभी की गोताखोरों द्वारा तलाश की जा रही है।

जगाधरी के रहने वाले इन युवकों में सन्नी, सुलेमान, अलाउद्दीन, साहिल व निखिल शामिल है। वहीं पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।