यमुनानगर: दो रोटी को लेकर उठा विवाद, छाती पर ईंट मार कर दी दोस्त की हत्या

हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो दोस्तों के बीच खाने को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया की एक दोस्ते ने गुस्से में दूसरे के छाती में ईंट मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों दोस्त बिहार के रहने वाले हैं और एफसीआई के गोदाम में पल्लेदारी का काम करते थे। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शव का पोस्‍टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

मृतक के जीजा ने बताया कि उनका साला शत्रुघ्‍न (30) सहित करीब 20 से 25 लोग बिहार के सुपौल जिला के पोपरा थाना से यमुनानगर आए थे। सभी एफसीआई के गोदाम में पल्‍लेदारी का काम करते हैं। प्रभाष खाना बना रहा था। इसे देख शत्रुघ्न भूख पर कंट्रोल नहीं कर पाया और पूरा खाना बनने से पहले दो रोटी खा ली। खाना बनकर तैयार हुआ तो सभी खाने बैठ गए। शत्रुघ्न ने दो रोटी और मांग ली। इस पर बिंदेश्वरी गुस्से में आ गया और ईंट उठाकर शत्रुघ्न की छाती में दे मारी। जीजा राजेश और अन्‍य साथी उसे अस्‍पताल लेकर पहुंचे, जहां शत्रुघ्‍न को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक ने फरवरी को लौटना था घर

मृतक के जीजा ने बताया कि शत्रुघ्न का एक बेटा और दो बेटियां हैं। उसके बच्चे फोन कर उन्‍हें बुला रहे थे। शत्रुघ्न ने सोचा था कि कुछ पैसे कमा लें उसके बाद घर जाएगा। उसने फरवरी में घर जाना था। लेकिन उसे क्या पता था कि उसके साथ ऐसा कुछ हो जाएगा।