हरियाणा: कुरुक्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, युवती समेत 3 की दर्दनाक मौत, 8 घायल

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में रविवार देर रात दो गाडियों की भीषण टक्कर में एक युवती समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इस हादसे में 8 लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। हादसा कुरुक्षेत्र जिले के ढांड रोड पर हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। सभी घायलों को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

दरअसल, कुरुक्षेत्र ढांड रोड पर टवेरा गाड़ी व i-10 कार में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में i10 कार में सवार युवक और युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं टवेरा गाड़ी में सवार 9 लोगों में से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 8 लोग घायल हो गए, जिनमे 2 की हालत गम्भीर बनी हुई हैं।

घटनास्थल पर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टवेरा में सवार लोग 9 लोग अपने एक निकट संबंधी का अंतिम संस्कार कर हरिद्वार से समाना पंजाब जा रहे थे। जबकि सामने से आ रही i10 गाड़ी से उनकी कुरुक्षेत्र ढांढ रोड पर भिड़ंत हो गई।

लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल की डॉक्टर दीपाली ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। जिनमें से 2 की हालत गंभीर है।