हरियाणा: रेवाड़ी में मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, CM फ्लाइंग की टीम ने मिष्ठान और आचार गोदाम समेत 4 जगहों पर मारी रेड

हर साल त्योहार से पहले मिलावटखोरी बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोरी रोकने के लिए रेवाड़ी में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ सीएम फ्लाइंग की टीम भी एक्टिव हो गई है। सीएम फ्लाइंग की टीम ने गुरुवार देर शाम 4 जगह रेड करके मिष्ठान व आचार के गोदाम से सैंपल लिए। सैंपल को जांच के लिए लैब में भेजा गया है। मिलावट पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। टीम की कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएम फ्लाइंग के DSP इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर रामपाल, SI सांवल राम, ASI कर्मपाल और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ दीपक चौधरी की टीम शांति नगर स्थित हरि सिंह स्वीट्स के गोदाम पर पहुंची। यहां टीम को 700 किलोग्राम मावा, 150 किलोग्राम बर्फी, 200 किलोग्राम रसगुल्ला, 200 किलोग्राम दूध के अतिरिक्त गुलाब जामुन व छैना मिला। टीम ने सभी मिठाइयों के सैंपल लिए। इसके बाद टीम दीप अचार फैक्ट्री में पहुंची। यहां 15 हजार किलोग्राम आम मिक्स, 6 हजार किलोग्राम नींबू, 5 हजार किलोग्राम हरी मिर्च के अतिरिक्त लाल मिर्च, लेहसुवा व टींट का अचार मिला, जिसके 5-5 सैंपल लिए गए। इसके बाद हरियाणा अचार फैक्ट्री पर रेड की। यहां 900 किलोग्राम लाल मिर्च, 1 हजार किलोग्राम टींट, 5000 किलोग्राम आम, 2500 किलोग्राम गाजर, 250 किलोग्राम मीठा नींबू और 500 किलोग्राम नींबू का अचार मिला। रात के समय सीएम फ्लाइंग की टीम मॉडल टाउन स्थित श्रीजी स्वीट्स के गोदाम पर पहुंची। यहां से भी मिठाइयों के सैंपल लिए गए हैं।