हरियाणा सरकार ने 7 जून तक बढ़ाया लॉकडाउन, ऑड-ईवन फॉर्मूले के साथ खुलेंगी दुकानें

हरियाणा में कोरोना के मामले अब कम होने लगे है। बीते दिन 1,868 नये मरीज सामने आए वहीं, 97 लोगों की मौत हुई है। इस बीच खट्टर सरकार ने राज्य में लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए और बढ़ा दिया है। हालाकि, लॉकडाउन को आगे बढ़ाते हुए कुछ छूट भी दी गई है। सीएम खट्टर ने कहा कि हरियाणा में अब दुकानें सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुल सकेंगी। हालांकि इस दौरान दुकानदारों को ऑड-ईवन फॉर्मूला अपनाना होगा। इससे पहले दुकान खोलने का समय सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक था। यही नहीं, लॉकडाउन में दुकान खोलने का नियम शराब ठेकों पर भी लागू होगा। इसके साथ राज्‍य के शिक्षण संस्थान 15 जून तक बंद रहेंगे। लॉकडाउन बढ़ाने के ऐलान के साथ सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि राज्‍य में नाइट कर्फ्यू के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हरियाणा में नाइट कर्फ्यू पहले की तरह रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा।

व्यापारियों ने की थी यह मांग

व्यापारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि थी कि दुकानें खोलने का समय सुबह 9 से शाम 7 बजे तक किया जाए। वहीं कुछ व्यापारियों ने शाम 6 बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति मांगी थी। सरकार ने फिलहाल इसे 3 बजे तक कर दिया है।

आपको बता दे, शनिवार को मिले मरीजों के बाद राज्य में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 7,53,937 पर पहुंच गई है। बुलेटिन के अनुसार, राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 23,094 है। जबकि इस महामारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 7,22,711 हो गई हैं। यही नहीं, राज्य में स्वस्थ होने की दर 95.86% है, तो संक्रमण की दर 8.44% है।