लड़की ने बाइक पर बैठने से मना किया तो हेलमेट से मारने लगा शख्स, CCTV में कैद हुई वारदात

हरियाणा से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक शख्स महिला को हेलमेट से पीटते हुए दिखाई दे रहा है। दरअसल, महिला ने उसकी बाइक पर बैठने से इंकार कर दिया था, जिसके बाद आरोपी शख्स ने महिला को हेलमेट से पीट-पीटकर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। यह पूरी वारदात CCTV फुटेज में भी कैद हुई है। वीडियो देखकर यह भी प्रतीत होता है कि आरोपी और पीड़िता दोनों एक-दूसरे को जानते हैं। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

ANI के मुताबिक, आरोपी का नाम कमल बताया गया है।वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि दोनों में किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद वह शख्स महिला को अपने हेलमेट से मारता दिख रहा है। उनके आस-पास के कुछ स्थानीय लोग हस्तक्षेप करने की कोशिश करते हैं और उसे जैसे-तैसे रुकवाते हैं।

गुरुग्राम के एसीपी मनोज ने बताया, 'कमल नाम के एक व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला को हेलमेट से पीटा, क्योंकि उसने बाइक पर उसके साथ जाने से इनकार कर दिया था।महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल ले जाया गया।'

उन्होंने बताया कि आरोपी पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।