खत्म हुई डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को मिली 21 दिन की फरलो, आज वापस लाया जाएगा सुनारिया जेल

डेरा प्रमुख गुरमीत रामरहीम को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने 2 साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में 2017 में सजा सुनाई थी। पंचकूला में हिंसा के बाद राम रहीम को सुनारिया जेल में हेलिकॉप्टर से भेजा गया था। तभी से वह जेल में बंद थे। लेकिन रामरहीम को 7 फरवरी को फरलो दी गई थी। रविवार को फरलो खत्म हो गई है और उसको आज सोमवार को जेल में सरेंडर करना है। सरकार की तरफ से भी अभी तक फरलो बढ़ाने पर कोई बयान जारी नहीं हुआ है। ऐसे में रामरहीम को हर हाल में जेल वापस लौटना है।

रोहतक की सुनारिया जेल से 21 दिन की फरलो पर बाहर आए गुरमीत राम रहीम की फरलो खत्म हो गई है। आज उसे सुनारिया जेल वापस लाया जाएगा। राम रहीम के दोपहर 12 बजे तक सुनारिया जेल पहुंचने के आसार हैं। इसको लेकर जेल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के क्षेत्र में भी घेराबंदी की गई है। मामले में एसपी रोहतक उदय सिंह मीना का कहना है कि रामरहीम की 21 दिन की फरलो रविवार को खत्म हो रही है। अब उसे सोमवार को जेल पहुंचना है। जेल प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। मौके पर सीनियर ऑफिसर की ड्यूटी लगाई जाएगी।

फरलो अवधि के दौरान ही सरकार ने गुरमीत की जान को खतरा बताते हुए जेड प्लस की सुरक्षा देने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद गुरुग्राम आश्रम पर पुलिस अधिकारियों की संख्या बढ़ा दी गई थी। राम रहीम की जान को खालिस्तान समर्थकों से खतरा बताया गया था। फरलो के दौरान गुरुग्राम में रहे राम रहीम के पास उसकी मां और हनीप्रीत भी पहुंची थी।