सूरत: BJP के गढ़ में आप की सेंध जारी, भाजपा के 400 और कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी में हुए शामिल

भाजपा कार्यकर्ता अब कमल को छोड़ हाथ में झाड़ू थाम रहे हैं। दरअसल, रविवार को ताड़वाड़ी में हुए एक कार्यक्रम में भाजपा के 400 कार्यकर्ताओं के आम आदमी पार्टी में शामिल होने का दावा किया जा रहा है। ये लोग अडाजण और रांदेर के हैं, जिन्हें भाजपा का गढ़ माना जाता है। चर्चा है कि भाजपा अपने ही गढ़ में कमजोर हो रही है। बता दे, सूरत महानगर पालिका में पहली बार आम आदमी पार्टी (आप) ने 27 सीटें जीती थी। जिसके बाद पार्टी के हौसले बुलंद हो गए है। ऐसे में पार्टी अब भाजपा के कार्यकर्ताओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

1,000 भाजपा कार्यकर्ता आप में हुए शामिल

आम आदमी पार्टी के दावा है कि सूरत में पिछले डेढ़ महीने में 1,000 भाजपा कार्यकर्ता आप में शामिल हो चुके हैं। ताड़वाड़ी में 400 लोगों के आप में शामिल होने से कुछ दिन पहले ही कामरेज में 200, खटोदरा में 100 लोग आम आदमी पार्टी से जुड़े थे।

सूरत महानगर पालिका चुनाव के बाद भाजपा के कई कार्यकर्ता और वार्डों के कई पदाधिकारी आप में शामिल हो गए हैं। अब तक उन्हें वापस लाने के कोई प्रयास नहीं किए गए। वहीं, इस बारे में शहर भाजपा अध्यक्ष निरंजन झांझमेरा का कहना है कि कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी नाराजगी जानने की कोशिश की जाएगी और उन्हें समझाया जाएगा।

जनता अब आम आदमी पार्टी पर विश्वास कर रही

आप के प्रदेश प्रवक्ता योगेश जादवाणी का कहना है कि हमारी स्वच्छ राजनीति से प्रभावित होकर भाजपा कार्यकर्ता हमसे जुड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी सूरत शहर और जिले में लोगों की समस्याओं को आवाज देने में सफल हो रही है। इस वजह से जनता अब आम आदमी पार्टी पर विश्वास कर रही है।