फिर टूटा रिकॉर्ड / सूरत में एक दिन में मिले 248 नए (+) मरीज, सिविल अस्पताल के 2 डॉक्टर संक्रमित

गुजरात में बीते 24 घंटे में कोरोना से 18 की मौत हुई जिसमें से 10 की मौत अकेले अहमदाबाद में हुई। गुजरात में शुक्रवार को 687 नए केस सामने आए। इसके साथ ही यहां कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 34 हजार 686 हो गई है। सूरत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 248 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां कुल संक्रमितों की संख्या 5 हजार 767 हो गई है। नए संक्रमितों में 25 डायमंड वर्कर, रिलायंस का फाॅर्मासिस्ट, सिविल अस्पताल के 2 डॉक्टर, पांडेसरा में हेल्थ वर्कर, क्रेडिट सोसाइटी का कर्मचारी, जैक्शन एंड बॉल कंपनी का एमआर, ड्रेस मटेरियल शॉप कीपर, बैंक लोन एडवाइजर, एयरलिंक का कर्मचारी, फैमिली कोर्ट का काउंसलर, प्रॉपर्टी ब्रोकर, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, बैनर मेकर, सिविल अस्पताल की नर्स, एसएमसी का सफाई कर्मचारी, सिविल अस्पताल का कर्मचारी, आशा वर्कर शामिल हैं।

शुक्रवार को सूरत शहर में 190 और ग्रामीण में 58 मामले अाए। कोरोना के कुल मामलों में 693 ग्रामीण इलाकों के हैं। 87 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। इनमें शहर के 58 और ग्रामीण के 29 मरीज हैं। अब तक कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 3 हजार 635 हो गई है। इनमें 362 ग्रामीण के मरीज हैं।

सूरत में 12 लोगों की हुई मौत

वहीं, सूरत शहर में शुक्रवार को 12 मरीजों की माैत हो गई। इससे पहले 1 जुलाई को 12 मौत हुई थी। अब मौत का आंकड़ा 220 पर पहुंच गया है। इनमें 22 मरीज ग्रामीण के हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पांडेसरा निवासी 46 वर्षीय महिला, पूणा गांव निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग, मिनी बाजार निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला, चौर्यासी निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति, कामरेज निवासी 33 वर्षीय युवक और कामरेज निवासी 50 वर्षीय महिला की मौत हुई। इसी तरह अन्य 6 मरीजों की मौत हुई।