उत्तरप्रदेश के सीतापुर जिले की कोतवाली तालगांव इलाके में दहेज़ की वजह से शादी टूटने का ताजा मामला सामने आया हैं जहां दूल्हे को दहेज़ में बुलेट नहीं मिली तो दूल्हे ने निकाह से इनकार कर दिया। मामले को लेकर लड़की के भाई ने वर पक्ष के लड़के, उसके भाई, भाभी और बहन समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। लड़की के भाई का कहना है कि लड़के का रिश्ता कहीं दूसरी जगह से आ गया। इसके बाद उसने दहेज में बुलेट मांगी। नहीं मिलने पर रिश्ते को ठुकराते हुए निकाह से इनकार कर दिया। बताया कि निकाह टूटने से उसकी बहन परेशान है और सदमे में है।
कोतवाली तालगांव इलाके के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी लखनऊ के सहादतगंज निवासी युनूस के बेटे गयास के साथ तय थी। बताया जाता है कि लड़की के परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार उपहार स्वरूप दान दहेज की बात भी पक्की की थी। दोनों पक्ष निकाह से सहमत थे।लड़की के भाई के मुताबिक, बहन की गोद भराई, बरीक्षा का कार्यक्रम हो चुका था, इसमें करीब एक लाख रूपये खर्च हुए थे। इसी माह की 25 जुलाई को युवती के निकाह की तारीख तय हुई थी। शादी के कार्ड छपवाकर रिश्तेदारों, परिचितों को बांटे जा चुके थे। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थी। शादी को लेकर घर में खुशहाली का माहौल था। इसी बीच ससुराल पक्ष की ओर से लड़की के घरवालों से दहेज में बुलेट की मांग की गई लेकिन बुलेट देने की हैसियत न होने के कारण लड़की के परिजनों ने मांग मानने से इनकार कर दिया। इस पर दूल्हे और उसके घरवालों ने निकाह करने से इनकार कर दिया।