ब्रिटेन: डिलीवरी के लिए अस्पताल नहीं पहुंच सकीं महारानी की पोती, बाथरूम में दिया बेटे को जन्म

ब्रिटेन की महारानी क्वीन एलिजाबेथ-II की पोती जारा टिंडल (Zara Tindall) ने पिछले रविवार को बेटे को जन्म दिया। बच्चे का नाम लुकास फिलिप टिंडल रखा गया है। जारा टिंडल 94 वर्षीय महारानी एलिजाबेथ की बेटी राजकुमारी ऐन और इंग्लैंड के पूर्व रग्बी खिलाड़ी माइक टिंडल (Mike Tindall) की बेटी हैं। जारा समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकीं और घर पर बाथरूम में ही डिलीवरी करानी पड़ी। शाही परिवार के नए मेहमान लुकास फिलिप टिंडल का मिडिल नाम उनकी मां जारा के दादा राजकुमार फिलिप और माइक के अपने पिता के नाम पर रखा गया है। लुकास, ब्रिटेन के सिंहासन के उत्तराधिकारी की लाइन में 22वें नंबर पर हैं। वे जारा टिंडल की तीसरी संतान हैं। लुकास की दो बहनें मिया और लीन हैं। बकिंघम पैलेस के प्रवक्ता ने बताया कि महारानी और ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग बच्चे के जन्म की खबर मिलने से खुश हैं और वे अपने दसवें ग्रेट ग्रैंड चाइल्ड से मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

माइक टिंडल ने बताया, 'जारा की डिलीवरी के समय वो काफी डर गए थे। दरअसल जब जारा को दर्द हुआ उस समय घर पर उनकी दोस्त डॉली के अलावा कोई नहीं था। मेरे पास इतना समय नहीं था कि जारा को अस्पताल ले जा सकूं। जारा ने घर में बाथरूम की फर्श पर बेटे को जन्म दिया।'