बिहार / जून की गर्मी में कोहरे की चादर में लिपटा गोपालगंज, तापमान में आई भारी गिरावट

बिहार के गोपालगंज में रविवार को उस समय लोगों को हैरानी हो गई जब जून के महीने में सर्दी का एहसास होने लगा। दरअसल, यहां रविवार सुबह अचानक से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बादलों से असमान घिर गया और हर तरफ घने कोहरे ने पूरे शहर को ढक लिया। यह पहली बार हुआ है जब जून के महीने में भीषण गर्मी पड़ती है तब ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है। ऐसा नजारा गोपालगंज शहर और उसके आसपास के गांवों में कई घंटे तक देखने को मिला।

घने कोहरे की वजह से दिन में ही शाम जैसा नजारा दिखने लगा और विजिबिलिटी कम हो गयी। विजिबिलिटी कम होने से नजदीक की चीजे भी काफी धुंधली दिखाई देनी लगीं। ऐसा अनुमान जताया जा रहा है कि निसर्ग तूफान की वजह से ऐसी स्थिति उत्‍पन्‍न हुई। सुबह का तापमान भी 28 डिग्री से घटकर अचानक 19-20 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम दर्ज किया गया। यह अद्भुत नजारा दखकर लोग रोमांचित हो गए।
गोपालगंज कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक और प्रधान रामकृष्ण राय का कहना है कि गोपालगंज में दो दिनों तक बारिश होने की वजह से नमी कायम है। आसपास के तापमान में ऐसी नमी की वजह से यहां इस तरह का नजारा देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अभी बंगाल में अम्फान चक्रवात का असर देखने को मिला था, इसके साथ ही मानसून अपने निर्धारित समय से आने वाला है। मानसून और चक्रवात की वजह से असमान में बादल छाये हुए हैं और सुबह में तापमान में काफी गिरावट देखने को मिलती है।तापमान के उतार चढ़ाव की वजह से वायु का दाब घटता बढ़ता रहता है। ऐसी कई वजह से यहां कोहरे देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसे कोहरे की वजह से पर्यावरण में नमी रहेगी जिसकी वजह से धान के जिन किसानो ने बीज बोये है उनके लिए यह फायदेमंद साबित होगी। लेकिन मूंग, सूरजमुखी और सब्जी जैसी फसलो को इससे नुकसान है।