पासपोर्ट बनवाने की योजना बना रहे लोगों के लिए सरकार की ओर से अच्छी खबर आई है। अब पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार देशभर में डाकघरों के माध्यम से संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीओपीएसके) की संख्या 442 से बढ़ाकर 600 करने की तैयारी कर रही है। अगले पांच वर्षों में इस योजना के लागू होने से नागरिकों को लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं होगी, और वे अपने नजदीकी डाकघर में पासपोर्ट बनवा सकेंगे।
विदेश मंत्रालय और डाक विभाग का समझौतापासपोर्ट सेवाओं को देशभर में व्यापक रूप से उपलब्ध कराने के लिए विदेश मंत्रालय (एमईए) और डाक विभाग ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। डाक विभाग की महाप्रबंधक मनीषा बंसल बादल और विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव के जे श्रीनिवास ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते को अगले पांच वर्षों के लिए नवीनीकृत किया गया है।
600 केंद्रों का लक्ष्यसमझौते के तहत, 2028-29 तक देश में पासपोर्ट सेवा केंद्रों की संख्या 600 तक बढ़ाने की योजना है। इससे आम नागरिकों को अधिक सुविधा मिलेगी, और पासपोर्ट सेवाओं का वार्षिक ग्राहक आधार 35 लाख से बढ़कर एक करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।
पोस्ट ऑफिस से कैसे बनवाएं पासपोर्ट?अब पासपोर्ट के लिए पासपोर्ट सेवा केंद्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी। पोस्ट ऑफिस के कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर पंजीकरण और आवेदन किया जा सकता है। प्रक्रिया इस प्रकार है:
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन: पासपोर्ट के लिए पोस्ट ऑफिस की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करें।
फीस और फॉर्म सबमिट करें: ऑनलाइन आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क जमा करें।
तारीख और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन: आपको वेरिफिकेशन के लिए एक तारीख दी जाएगी। उस दिन अपने डॉक्यूमेंट्स लेकर नजदीकी डाकघर जाएं।
फिंगर प्रिंट और रेटिना स्कैन: वेरिफिकेशन के दौरान यह प्रक्रिया पूरी होगी।
जरूरी दस्तावेजपासपोर्ट आवेदन के लिए निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी:
- जन्म प्रमाण पत्र
- हाईस्कूल की मार्कशीट
- वोटर आईडी
- पैन कार्ड
- आधार कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- राशन कार्ड
- नोटरी द्वारा तैयार हलफनामा
डाकघर में प्रक्रिया पूरी होगीडाकघर में आपके दस्तावेजों का वेरिफिकेशन किया जाएगा। यदि सभी दस्तावेज सही पाए गए, तो पासपोर्ट जारी कर दिया जाएगा।