छत्तीसगढ़ : पिछले 7 सालों से लि‌व इन रिलेशनशिप में रह रही प्रेमिका ने प्रेमी पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां पिछले 7 सालों से लि‌व इन रिलेशनशिप में रह रही 47 साल की प्रेमिका ने 54 साल के प्रेमी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया हैं। महिला का आरोप है कि इस दौरान जब भी प्रेमी लोचन से शादी की बात करती तो दोनों के बीच विवाद हो जाता। लोचन शादी करने का झांका देकर संबंध बनाता रहा। अब 8 साल बाद भी वह शादी के लिए तैयार नहीं है। इस धोखे की वजह से महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित महिला रायपुर के पास एक गांव की रहने वाली है। करीब 8 साल पहले उसे गांव में रहने वाले लोचन सिंह ठाकुर से प्यार हो गया था। लेकिन, परिवार और गांव वालों ने इस रिश्ते को मंजूर नहीं किया। दोनों गांव से भागकर रायपुर आ गए। इसके बाद साल 2014 से कोटा इलाके में किराए का मकान लेकर रहने लगे। लोचन प्राइवेट कंपनी में काम करता है। रायपुर में दोनों पति-पत्नी की तरह लिवइन रिलेशनशिप में रह रहे थे। हालांकि दोनों ने अब तक शादी नहीं की थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।