पंजाब : शादी से किया इनकार तो घर में घुस पिस्तौल के बल पर किया लड़की को जबरदस्ती अगवा

पंजाब के फिरोजपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां लड़की ने शादी से इनकार कर दिया तो घर में घुस पिस्तौल के बल पर लड़की को जबरदस्ती अगवा कर लिया गया। मामला मंगलवार देर रात क्षेत्र के शांति नगर इलाके का हैं। मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई गुरमीत सिंह के मुताबिक लड़की की मां के बयान पर आरोपी सनम, गुरजीत, लाडी, रवी व हंस के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

लड़की की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी सनम के परिजन अपने बेटे की शादी उनकी बेटी से करना चाहते थे। सनम की बुरी आदतों के कारण उन्होंने इस रिश्ते से मना कर दिया था। उनकी बेटी ने 12वीं तक पढ़ाई की है, उसके बाद ब्यूटी पार्लर का कोर्स किया और अपना ब्यूटी पार्लर शुरू कर दिया।

रिश्ते से इनकार की रंजिश में मंगलवार रात सवा दस बजे आरोपी सनम अपने साथी गुरजीत, लाड़ी, रवी व हंस निवासी गांव शेरखां के साथ हथियारों से लैस होकर उनके घर में जबरदस्ती घुसे। उनकी बेटी का हाथ पकड़कर घर से बाहर खींचकर ले जाने लगे तो परिजनों ने विरोध किया। आरोपियों ने परिजनों के साथ मारपीट की और पिस्तौल दिखाकर उनकी बेटी को घसीट कर कार में बैठा लिया।