प्रदेश में मेरठ में जबरन खाते में रूपये ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया हैं जिसके अनुसार शालीमार गार्डन साहिबाबाद निवासी युवक ने कंकरखेड़ा के सैनिक विहार निवासी एक युवती पर मां के जन्मदिन के बहाने बुलाकर बंधक बना जबरन खाते में रुपये ट्रांसफर कराने के आरोप लगाए हैं। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने सोमवार को तहरीर देते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उनकी घड़ी, सोने की चेन, मोबाइल व बाइक भी छीन ली और अगले दिन जान से मारने की धमकी देते हुए सुनसान रास्ते पर फेंक दिया। किसी तरह दोनों दोस्त अपने घर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
साहिबाबाद निवासी हरिदास ने बताया कि 27 जुलाई को कंकरखेड़ा के सैनिक विहार निवासी युवती ने उसे फोन कर अपनी मां का जन्मदिन होने की जानकारी दी। वह पहले से युवती को जानता था। युवती ने हरिदास को जन्मदिन पर बुलाया, जिस पर वह अपने दोस्त किरण कुमार के साथ युवती के घर पहुंचा। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कई युवकों ने दोनों को बंधक बनाया। युवकों ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की और खाते में पांच लाख रुपये ट्रांसफर कराने का दबाव बनाया। इस पर पीड़ित ने परिजनों को फोन कर दो लाख रुपये एक युवक के खाते में व 64 हजार रुपये युवती के खाते में ट्रांसफर कराने के लिए कहा।