उत्तरप्रदेश में नहीं थम रहे दुष्कर्म के मामले, गाजीपुर जिले में किशोरी का अपहरण कर हुआ सामूहिक दुष्कर्म

देशभर में हाथरस का मामला चर्चा और चिंता का विषय बना हुआ हैं। लेकिन इसके बाद भी क्या दुष्कर्म रूक गए। उत्तरप्रदेश में दुष्कर्म के मामले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही एक और मामला गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात प्रकाश में आया। गांव की किशोरी का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। साथ ही पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पीड़िता के भाई ने देर शाम पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक अक्टूबर की रात बहन घर में सोई थी। रात में तीन युवकों ने उसे घर से अगवा कर लिया था। काफी तलाश करने के बाद वह अगले दिन दो अक्टूबर को जौनपुर जनपद के पतरही गांव में मिली थी। किशोरी ने परिजनों को आप बीती सुनाई।

उसने बताया कि एक युवक ने अपने दो साथियों के सहयोग से अगवा किया और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।