गाजियाबाद: तनिष्क शोरूम में चोरी, दो महिलाओं ने चुराईं तीन सोने की चूड़ियां; CCTV में कैद हुई घटना

गाजियाबाद के तनिष्क शोरूम में दो महिलाओं ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में अंबेडकर रोड पर तनिष्क के ज्वेलरी शोरूम से दो महिलाएं नजर बचते ही सोने की तीन चूड़ियां चुरा कर ले गई। दोनों महिलाओं की ये करतूत शोरूम के अंदर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। शोरूम मैनेजर ने थाना सिहानी गेट में FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज को कब्जे में ले लिया है।

शोरूम मैनेजर सुनील कुमार के अनुसार, सोमवार शाम 6:30 बजे के करीब दो महिलाएं अंदर आईं। उन्होंने काउंटर पर मौजूद कर्मचारी आशुवेंद्र से सोने की चूड़ियां दिखाने को कहा। इस दौरान एक महिला ने एक चूड़ी चुराकर दूसरी महिला को दे दी और उसने ये चूड़ी अपने बैग में डाल ली। इसके बाद कर्मचारी ने सोने की चूड़ियों के कुछ और बॉक्स दिखाए। जैसे ही कर्मचारी कुछ सामान निकालने के लिए काउंटर के नीचे झुका, वैसे ही महिला ने दो चूड़ियां और चुरा लीं। इसके बाद वे चूड़ियां पसंद नहीं आने की बात कहकर शोरूम से चली गईं।

शोरूम बंद करते वक्त जब ज्वैलरी का वजन किया गया तो बॉक्स से सोने की 3 चूड़ियां कम पाई गईं। इसके बाद जब CCTV फुटेज देखा गया तो सारा मामला सामने आया। शोरूम मैनेजर सुनील कुमार ने बताया कि तीनों चूड़ियों की कीमत करीब 4।5 लाख रुपए है। इस मामले में सिहानी गेट थाना पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उधर, पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।