बिहार : लूडो खेल में जीतना बना जानलेवा, हारने वाले दोस्तों ने चाकू मारकर की हत्या

बिहार के सीवान में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां लूडो खेल में जीतना एक शख्स के लिए जानलेवा साबित हुआ। मामले में हारने वाले दोस्तों ने शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी। उसको बचाने गए चचेरे भाई को भी चाकू मारा गया। उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना मंगलवार देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल गांव की है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल और नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी हुई है। वहीं, इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि एजाजुल हक का पुत्र तजरुल हक (27) अपने गांव के दो दोस्तों आमिर और अरबाज के साथ मंगलवार रात लूडो खेल रहा था। इसमें जीतने के बाद ताज़रुल हक जश्न मना रहा था। जोर-जोर से हंस रहा। यह बात उसके दोस्तों को नगावर गुजरी। और दोनों उससे उलझ गए। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मुर्गा काटने वाले धारदार चाकू से ताजरुल पर हमला कर दिया। ताज़रुल के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसका चचेरे भाई अब्दुल हक बचाने गया, तो उस पर भी आमिर और अरबाज ने वार किया। जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीवान सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां ताजरुल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया हैं। अब्दुल की हालत गंभीर है।