भीड़ से एक शख्स ने फ्रांस के राष्ट्रपति पर किया हमला, सरेआम जड़ा तमाचा

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पर मंगलवार दोपहर ड्रोम क्षेत्र में हमला हुआ। मैक्रों यहां लोगों से मुलाकात कर रहे थे। बीच में बैरिकेड भी था, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को दक्षिणपूर्वी फ्रांस के ड्रोम क्षेत्र में लोगों के साथ वॉकआउट सेशन दौरान एक व्यक्ति द्वारा थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना उस समय हुई जब मैक्रों दक्षिण-पूर्वी फ्रांस के ड्रोम क्षेत्र के दौरे पर थे, जहां वह रेस्तरां और छात्रों से मुलाकात कर रहे थे और बात कर रहे थे कि कैसे कोविड-19 महामारी (Covid-19 Pandemic) के बाद जीवन सामान्य हो रहा है।

इस घटना की एक वीडियो क्लिप ट्विटर पर वायरल हो रही है। हमलावर ग्रीन शर्ट पहने था और उसने चेहरे पर मास्क भी लगाया हुआ था। जैसे ही इस व्यक्ति ने राष्ट्रपति पर हमला किया तो उनके साथ मौजूद सिक्योरिटी एजेंट्स ने फौरन उस व्यक्ति को दबोच लिया और जमीन पर गिरा दिया। मैक्रों को दूर ले जाया गया। कुछ खबरों में कहा गया है कि मैक्रों को थप्पड़ लग नहीं पाया। इस घटना पर फ्रांस के प्रधानमंत्री ज्यां कास्टेक्स ने कहा है कि यह लोकतंत्र का अपमान है।

फुटेज में नजर आता है कि मैक्रों भीड़ के पास से गुजर रहे हैं। उनके और लोगों के बीच बैरिकेड हैं। इस दौरान एक व्यक्ति उनसे कुछ कहने की कोशिश करता है। मैक्रों जैसे ही उनके पास जाते हैं, वो व्यक्ति उन्हें थप्पड़ मारता है। मैक्रों के सिक्योरिटी एजेंट्स उसे पकड़ लेते हैं। उसने मैक्रों को थप्पड़ क्यों मारा इसके बारे में भी अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।

प्रधानमंत्री जीन कास्टेक्स ने घटना के फौरन बाद नेशनल असेंबली को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा- लोकतंत्र का मतलब बातचीत और बहस है। किसी भी मामले में हम हिंसा का समर्थन नहीं कर सकते।

विपक्ष के नेता जीनलुक मैल्कन ने कहा- हम अपने राष्ट्रपति के साथ खड़े हैं। राष्ट्रपति के दौरे के कुछ दिन पहले ही इस क्षेत्र में 7 महीने बाद बार और रेस्टोरेंट्स खोले गए हैं। नाइट कर्फ्यू भी खत्म कर दिया गया है।