फ्रांस में बिगड़े हालात, पिछले 24 घंटे में मिले 33,417 नए मरीज, 523 की मौत; फिर से लग सकता है लॉकडाउन

दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4.40 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 3 करोड़ 10 लाख 23 हजार 333 लोग रिकवर हो गए हैं। वहीं, 11.67 लाख लोगों की जान जा चुकी है। दुनियाभर में 24 घंटे में 2 लाख 50 हजार 164 मरीज मिले हैं और 3620 की मौत हुई है। यूरोपीय देशों में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं।

फ्रांस में कोरोना वायरस के फिर से विकराल रूप धारण करने के बाद एक बार फिर से पूरे देश में लॉकडाउन लग सकता है। फ्रांस में पिछले 24 घंटे में 33,417 नए मामले आ चुके हैं। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जल्द ही राष्ट्र को संबोधित कर सकते हैं। पिछले 24 घंटे में फ्रांस में 523 लोगों की मौत कोरोना के चलते हो गई है, जो अप्रैल के बाद सबसे ज्यादा है। फ्रांस के गृह मंत्री गेराल्ड डारमेनिन ने भी संकेत दिए हैं कि राष्ट्रपति अपने भाषण में कुछ कड़े फैसले ले सकते हैं। मैक्रों कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर रक्षा परिषद की दो आपात बैठक भी ले चुके हैं

स्थानीय मीडिया के मुताबिक फ्रांसीसी सरकार देश में एक महीने तक लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति मैक्रों आज सरकारी टीवी पर इसका ऐलान कर सकते हैं। हालांकि मैक्रों के कार्यालय की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जानकारी के मुताबिक लॉकडाउन की घोषणा के बाद भी स्कूलों को खुला रखा जा सकता है।