पंजाब : रावण की जगह राम का पुतला जलाने पर चार गिरफ्तार, वीडियो किया था वायरल

दशहरे का पावन पर्व कुछ दिन पहले ही बीता हैं जिसमें रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत को दिखाया जाता हैं। लेकिन कुछ लोगों ने पंजाब में सीमावर्ती गांव लोपोके के गांव मनावाला में कुछ कट्टरपंथियों ने दशहरे के दिन रावण की जगह भगवान श्री राम का पुतला फूंका और इसका वीडियो बना लिया। किसान आंदोलन की आड़ में कट्टरपंथियों व अलगाववादी तत्व प्रदेश के लोगों के बीच की सदियों पुरानी धार्मिक सांझ को तोड़ने के लिए साजिशें रच रहे हैं।

मंगलवार को देर रात थाना लोपोके के सब इंस्पेक्टर हरपाल सिंह के मोबाइल पर इसका वीडियो आया। वीडियो में कुछ शरारती लोग श्रीराम का पुतला जलाकर उसे अग्नि के हवाले कर रहे थे, साथ ही अभद्र भाषा बोल रहे थे। पुलिस ने मंगलवार देर रात मामला दर्ज किया और वीडियो में शामिल लोगों को पहचाना।

बुधवार को सुबह मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनके नाम चंदन सिंह, अंग्रेज सिंह, तरलोक सिंह व जितेंद्र सिंह हैं। वायरल वीडियो में 14 लोग पुतला जला रहे हैं। पुलिस ने मामले में शामिल अन्य लोगों पर भी मामला दर्ज किया है, जिनकी तलाश जारी है। डीएसपी गुरु प्रताप सिंह सहोता ने बताया कि वीडियो में दिखने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है। वारदात की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है। ऑल इंडिया हिंदू टकसाली दल के नेता सुनील अरोड़ा ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वह सड़कें जाम करेंगे। जानकारी के अनुसार जालंधर में भाजपा के नेताओं ने भी केस दर्ज करवाया है।