उत्तरप्रदेश : दादी-पोते के डबल मर्डर केस में चार हुए गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल कुदाल बरामद

उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार की रात पानी गिरने के विवाद में भाजपा नेता परशुराम शुक्ला की मां विमला और बेटे रौनक की हत्या कर दी गई थी। घटना हरपुर बुदहट इलाके के तेनुआ गांव की हैं। इस मामले में पुलिस ने आज बुधवार को तीन भाई और एक महिला को गिरफ्तार करते हुए कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेजा गया है। एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने बताया कि विवाद में हत्या करने के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पांच पर केस दर्ज कराया है एक की उम्र कम होने की वजह से उसके भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुदाल बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा नेता परशुराम शुक्ला के घर के सामने ही सीताराम पानी बहाते थे। अब वहां पर पक्का निर्माण भी करते लगे थे। इसकी शिकायत भाजपा नेता आईजीआरएस में की थी। इसी की जांच में मंगलवार की दोपहर में पुलिस गई थी और सीताराम को बुधवार को थाने में हाजिर होने की बात कहते हुए लौट आई थी। इसके बाद ही रात में सीताराम अपने घरवालों के साथ कुदाल लेकर परशुराम के घर पर धावा बोल दिया। परशुराम की मां अपने पोते के लेकर बाहर बैठी थी। कुदाल से मारकर दोनों की हत्या कर दी गई थी। बचाव में आई रौनक की मां सुषमा और उनकी बेटी पर भी प्रहार कर घायल किया गया था। इस मामले में केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। रामगढ़ताल इलाके में निर्माणाधीन मकान में छिपे आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया।

आरोपियों की पहचान सीताराम शुक्ला, उनके भाई अंगद शुक्ला, अंगद की पत्नी संगीता और सीताराम की मां उर्मिला के रूप में हुई है। एक आरोपी की उम्र 12 साल के करीब होने की वजह से पुलिस उसे आरोपी नहीं मान रही है। हालांकि उसके भूमिका की जांच की जा रही है।