मिल्खा सिंह का फिटनेस मंत्र! कम खाओ, क्योंकि सारी बीमारी पेट से ही शुरू होती हैं

भारत के महान धावक मिल्खा सिंह का शुक्रवार देर रात 91 साल की उम्र में निधन हो गया। 91 साल के मिल्खा 17 मई को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत में सुधार हुई थी लेकिन अचानक से ऑक्सीजन लेवल कम होने के बाद उनको सांस लेने में तकलीफ हुई और शुक्रवार देर रात 11 बजकर 30 मिनट पर अंतिम सांस ली।

भारत के इस महान धावक को दुनियाभर में फ्लाइंग सिख के नाम से जाना जाता है। भारत के लिए कॉमनवेल्थ में सबसे पहला गोल्ड मेडल जीतने का कमाल मिल्खा जी ने ही किया था। 90 साल की उम्र के बाद भी उनका फिटनेस के प्रति जुनून कम नहीं हुआ था। उनके लिए फिटनेस क्या मायने रखती थी, इसे उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान साझा किया था। उन्होंने कार्यक्रम में कहा था कि मैं जो चल-फिर पा रहा हूं, वह केवल फिजिकल फिटनेस की वजह से ही हो पाया है और बदलाव फिटनेस से ही आएगा।
10 मिनट के लिए खेल के मैदान में जाना बहुत जरूरी

मिल्खा ने कहा था कि सारी बीमारी पेट से ही शुरू होती हैं इसलिए मैं लोगों से कहता हूँ कि कम खाओ। अगर चार रोटी की भूख है तो दो खाइए। आपका पेट जितना खाली रहेगा उतने ही आप तंदुरुस्त रहेंगे। इसके अलावा मैं चाहूंगा कि 24 घंटे में से 10 मिनट के लिए खेल के मैदान में जाना बहुत जरूरी है।

10 मिनट तेज वॉक कीजिए, थोड़ा कूद लीजिए

उन्होंने कहा था- 'पार्क हो, सड़क हो...जाइए और 10 मिनट तेज वॉक कीजिए, थोड़ा कूद लीजिए, हाथ-पैर चला लीजिए। खून शरीर में तेजी से बहेगा तो बीमारियों को भी बहा देगा। आपको मेरी तरह कभी डॉक्टर के पास जाने की जरूरत नहीं होगी। सेहत के लिए दस मिनट निकलना बेहद जरूरी है।'