25 मई से घरेलू उड़ानें / पंजाब-छत्तीसगढ़ समेत इन 8 राज्यों में यात्रियों को होना होगा क्वारैंटाइन

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 25 मई से घरेलू उड़ानें शुरू करने का ऐलान किया है। पहली फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट से सोमवार को सुबह 4:30 बजे उड़ान भरेगी। लेकिन, महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि 31 मई तक राज्य में लॉकडाउन प्रभावी है। अभी तक सरकार ने लॉकडाउन नियमों में बदलाव किया है और ना ही उड़ानों को मंजूरी दी है। पंजाब और छत्तीसगढ़ जैसे 8 राज्यों ने कहा है कि राज्य में लैंड करने वाले यात्रियों को क्वारैंटाइन होना होगा।

इन राज्यों में क्वारैंटाइन में जाएंगे यात्री

- पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में विमान, ट्रेन या बस से आने वाले सभी यात्रियोें को अनिवार्य तौर पर 14 दिन के होम क्वारैंटाइन में जाना होगा।

- अंडमान-निकोबार प्रशासन ने भी वहां जाने वाले सभी विमान यात्रियों के लिए सख्त स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तय किया है। सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। उन्हें 14 दिन के लिए होम क्वारैंटाइन में जाना होगा।

- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 25 मई से राज्य में आने वाले सभी विमान यात्रियों को 14 दिन के इंस्टिट्यूशन क्वरैंटाइन पीरियड में जाना होगा। उन्होंने कहा कि घरेलू उड़ानों के शुरू होने के बाद संक्रमण फैलने की आशंका को दरकिनार नहीं किया जा सकता है।

- कर्नाटक सरकार ने कहा है कि राज्य में महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश से किसी भी माध्यम से आने वाले यात्रियों को 7 दिन के इंस्टिट्यूशन और 7 दिन के होम क्वारैंटाइन में जाना होगा।

- केरल, असम, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश में भी विमान यात्रियों को 14 दिन क्वारैंटाइन में जाना होगा।

- उत्तराखंड में ऐसे यात्रियों को 10 दिन के लिए होटल या सरकारी जगह पर क्वारैंटाइन होना होगा।

- गोवा सरकार चाहती है कि राज्य में विमान से आने वाले सभी यात्रियों का एंटी बॉडी टेस्ट किया जाए।