मध्यप्रदेश : पहले दिन लगी करीब सात लाख किशोर को कोरोना वैक्सीन, नलखेड़ा में शत-प्रतिशत टीकाकरण

आज सुबह से प्रदेश में 15 से 18 साल के किशोरों को कोरोना वैक्सीन लगाने का काम शुरू किया गया था जिसमें अच्छा उत्साह देखने को मिला। इसका परिणाम यह रहा कि प्रदेश में पहले दिन शाम 5 बजे तक 6 लाख 98 हजार 428 बालक-बालिकाओं को पहली डोज लग चुकी थी। भोपाल जिले के बैरसिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत नलखेड़ा ने 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कर अभियान के पहले ही दिन विशेष उपलब्धि प्राप्त की है। इस सफलता के लिए मुख्यमंत्री शिवराज ने सभी हेल्थवर्कर्स, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संगठनों और जिला प्रशासन को बधाई दी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय से टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। पहले दिन पूरे प्रदेश में उत्साह नजर आया। सभी जगह पहले से तैयारियां कर ली गई थीं, इसलिए अधिकांश जगह बिना बाधा के टीकाकरण चलता रहा। 20 जनवरी तक प्रदेश के सभी किशोरों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के कई जिलों में लंबी-लंबी कतारें नजर आईं। घंटों इंतजार के बाद भी टीका लगवाने का उत्साह कम नहीं हुआ।

भोपाल में शुभारंभ करते हुए सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। 8667 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए हैं। वैक्सीन हमारे पास उपलब्ध है, और सभी बेटे-बेटियों से मेरी अपील है वैक्सीन जरूर लगवाएं। पूरे प्रदेश के वैक्सीनेशन के आंकड़े हर घंटे जारी किए जा रहे थे। बच्चों को कोवैक्सीन का टीका लगाया जा रहा है। 28 दिन के अंतराल से दूसरा डोज लगाया जाएगा।