शिमला के कोटखाई में लगी भीषण आग, 6 घर जलकर हुए खाक, महिला जिंदा जली

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में भीषण अग्निकांड हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिमला से 70 किमी दूर कोटखाई के फनैल गांव में यह घटना हुई है। देर रात को मकान में आग लग गई थी। इस दौरान एक के बाद एक, छह घर आग की चपेट में आ गए और राख हो गए। आजजनी में प्रभु दयाल, बिमला देवी, राजेश कुमार, जय लाल, देवी सिंह और जय किशन का घर पूरी तरह से खाक हो गया है। इस अग्निकांड में एक महिला जिंदा जल गई है। महिला का शव अब तक बरामद नहीं हुआ है। शिमला पुलिस के अनुसार, फिलहाल, आगजनी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शिमला की कार्यवाहक एसपी मोनिका भुटूंगरू ने घटना की पुष्टि की है। यह आग देर रात ढाई बजे लगी लेकिन गांव में सड़क की सुविधा ना होने के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच पाई जिसके चलते सुबह दस बजे तक भी काबू नहीं पाया जा सका।

कोटखाई पुलिस के अनुसार, हादसे में बिमला देवी घर के अंदर जिंदा जल गई हैं। हालांकि, यह पता नहीं चल पाया है कि महिला की मौत हो गई है या नहीं। महिला की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि महिला अकेले घर में रहती थी। पुलिस का कहना है कि अब तक आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की पड़ताल कर रहा है।