मथुरा: होटल वृंदावन गार्डन में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत, 2 गंभीर रूप से झुलसे

उत्तर प्रदेश के मथुरा में गुरुवार की सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया। मथुरा के वृंदावन कोतवाली इलाके के वृंदावन गार्डन होटल में उस समय हडकंप मच गया जब होटल के ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम में आग लग गई। आग की चपेट में आने से 2 कर्मचारियों की जलकर मौत हो गयी है। वहीं दो कर्मचारी गम्भीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जिस समय आग लगी होटल में कई गेस्ट भी मौजूद थे। मिल रही जानकारी के अनुसार एक मृतक कर्मचारी कासगंज का तो दूसरा मांट का रहने वाला बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी पर फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। वृंदावन में रामकृष्ण मिशन अस्पताल के निकट वृंदावन गार्डन होटल में गुरुवार सुबह अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही क्षणों में विकराल रूप धारण कर लिया।

आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चला है। हालांकि इतना जरूर पता चला है कि होटल में आग से बचाव के कोई इंतजाम नहीं थे। आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

फायर बिग्रेड के अधिकारियों का कहना है कि आग की सूचना मिलते ही हाइब्रिड दमकल मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।