सिरसा : क्षत-विक्षत हालत में मिला भ्रूण, नोंच रहे थे कुत्ते, जांच में जुटी पुलिस

हरियाणा के सिरसा में शुक्रवार को एक हैरान करने वाला मामला समाने आया हैं जहां एक भ्रूण क्षत-विक्षत हालत में मिला हैं जिसे कुत्ते नोंच रहे थे। सिरसा में जनता भवन रोड स्थित अनाजमंडी के गांधी पार्क के निकट यह भ्रूण मिला हैं जिसकी जानकारी पुलिस को आसपास के लोगों ने इसपर नजर पड़ने पर दी। पुलिस ने उसे अस्पताल में पहुंचाकर छानबीन शुरू कर दी है। थाना शहर प्रभारी बनवारी लाल ने बताया कि भ्रूण कुत्तों द्वारा बुरी तरह से नोचा जा चुका है। इसलिए यह पता नहीं चल पा रहा है कि यह लड़के का है या लड़की का। फिलहाल इस संदर्भ में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पोस्टमार्टम के लिए भ्रूण नागरिक अस्पताल भेजा गया है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बच्चे पार्क में खेल रहे थे। पास में ही कुछ पड़ा था, जिस पर कुत्ते मंडरा रहे थे। उन्होंने पास जाकर देखा तो मांस का लोथड़ा दिखाई दिया। वह किसी अजन्में बच्चे का भ्रूण था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए और पंचनामा की कार्रवाई के बाद भ्रूण पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल पुलिस ने इस संदर्भ में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की जानकारी भी जुटाई जाएगी। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। भ्रूण पड़े होने की सूचना पर आसपास कार्य करने वाले लोग एकत्रित हो गए। क्षेत्र में सनसनी फैल गई।