इंडिगो फ्लाइट में महिला यात्री से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

मुम्बई। मुंबई-गुवाहाटी इंडिगो फ्लाइट में एक महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ करने के आरोपी व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है।

विमान में महिला के साथ छेड़छाड़


दरअसल, शनिवार की रात लगभग 9 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से इंडिगो की 6ई-5319 फ्लाइट गुवाहाटी के लिए रवाना हुई थी। इस दौरान गलियारे वाली सीट पर बैठी एक महिला को कथिततौर पर आरोप लगाया है कि उसकी सीट के बगल में बैठे एक पुरुष यात्री ने विमान की रोशन कम होने का फायदा उठाकर उसे बार- बार छूने की कोशिश की।

पीड़िता ने सुनाई आपबीती

टाइम्स ऑफ इंडिया को महिला ने बताया, “मुझे थोड़ी देर के लिए यह अजीब लगा क्योंकि मुझे अच्छे से याद है कि मैंने आर्मरेस्ट नीचे कर दिया था। खैर, आधी नींद में मैंने इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचा और आर्मरेस्ट को फिर से नीचे कर दिया और सो गई। महिला के मुताबिक, कुछ देर बाद वह फिर चौंककर उठीं और देखा कि पुरुष यात्री का हाथ उसके ऊपर है। महिला ने कहा, उसकी आंखें बंद थीं लेकिन मैं तुरंत निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहती थी...इसलिए, मैंने इंतजार किया, अपनी आंखें आधी बंद रखीं और सोने का नाटक किया। कुछ मिनट बाद पुरुष यात्री फिर से उसे गलत तरीके से छूने लगा। मैं चीखना चाहती थी, लेकिन चिल्ला नहीं सकी। मैं ठिठक गई।

आरोपी गिरफ्तार

घटना के बारे में इंडिगो ने बताते हुए कहा कि आरोपी यात्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया है। बता दें कि बीते तीन महीनों में विमान के अन्दर महिला यात्रियों के साथ छेड़छाड़ का यह चौथा मामला है।

प्रवक्ता के अनुसार, घटना 10 सितंबर को फ्लाइट 6ई 5319 में हुई। पीड़िता ने कथित यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद विमान के गुवाहाटी में उतरने के बाद आरोपी को असम पुलिस को सौंप दिया गया। प्रवक्ता ने कहा, शिकायतकर्ता द्वारा स्थानीय पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई है और जहां भी आवश्यक होगा, हम उनकी जांच में सहायता प्रदान करेंगे।

पिछले दो महीनों में उड़ानों में यौन उत्पीड़न के कम से कम चार मामले सामने आए हैं। सबसे हालिया घटना में 16 अगस्त को दिल्ली-मुंबई स्पाइसजेट फ्लाइट में कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया था, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी इस घटना पर दिल्ली पुलिस और डीजीसीए को नोटिस जारी किया था।