गोरखपुर : रक्षक ही बना भक्षक, नाबालिग बेटी के साथ पिता ने किया कुकर्म

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चौरीचौरा इलाके के एक गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया जहां रक्षक ही भक्षक बन गया। यहां 13 वर्षीय नाबालिक बेटी के साथ पिता ने कुकर्म कर रिश्तों को तारतार कर दिया। चौरीचौरा पुलिस क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज कर आरोपी पिता को हिरासत में लिया गया है। अगर मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होती है तो धारा बढ़ा दी जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा इलाके के एक गांव में पति-पत्नी के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा है। ऐसे में नाराज पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई। बेटी और पिता घर पर अकेले रहने लगे। बेटी का आरोप है कि शनिवार की रात में पिता शराब के नशे में घर आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की खबर मिलते ही पुलिस दौड़ पड़ी और गांव में जाकर जांच-पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक, प्रथमदृष्टया जांच में छेड़खानी का मामला सामने आया है। जांच की जा रही है। छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज करके आरोपी पिता को हिरासत में लिया गया है। नाबालिग की मेडिकल जांच सोमवार यानी आज कराई जाएगी।