बरेली : पिता ने जल्दी नहाने के लिए डांटा तो आहत होकर बेटे ने मां की चुनरी से लगा ली फांसी

उत्तरप्रदेश के बरेली से एक हैरान करने वाला मामला सामने आ रहा हैं जहां पिता की डांट से आहत होकर बेटे ने मां की चुनरी से फांसी लगाकर खुदखुशी कर ली। मामला चंद्रपुरी कॉलोनी का हैं जो सुबह करीब 11 बजे घटित हुआ। परिजनों ने देखा कि छत पर बनी रसोई में विवेक मां की चुनरी के सहारे फंदे पर लटक रहा था। बिलखते परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन उसकी सांसे थम चुकी थी। जानकारी पर प्रेमनगर पुलिस पहुंची और पड़ताल शुरू की। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पूछताछ में परिजन भी कुछ बोल नहीं रहे है। पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए कहा तो परिजन इनकार कर रहे हैं।

प्रेमनगर के चंद्रपुरी कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय विवेक एक निजी कॉलेज से बीकॉम तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह परिवार के साथ रहता था। बुधवार वह सुबह देर से उठा और इधर-उधर घूम रहा था। पिता नंद किशोर ने देखा तो उसे डांट कर जल्दी नहाने के लिए कहा। इसके बाद विवेक छत पर नहाने की बात कहकर चला गया। काफी देर तक नीचे नहीं आया तो परिजनों ने आवाज दी। आहट नहीं मिलने पर परिजन छत पर गए तो उनकी चीख निकल गई। प्रेमनगर इंस्पेक्टर शीतांशु शर्मा हमराहियों के साथ पहुंचे। पूछताछ के बाद पड़ताल की, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। वहीं परिजनों ने शव के पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया।