उत्तप्रदेश : बेटी अपने प्रेमी से छत पर कर रही थी इशारे, बाप ने देखा और कर डाली दोनों की हत्या

उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया जहां लड़की के बाप ने अपनी झूठी शान की खातिर प्रेमी जोड़े की हत्या कर डाली। घटना खरखौदा थाना क्षेत्र के बधौली गांव में हुई। आरोपी पिता तौसीन ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी का आरिफ से करीब तीन महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बेटी को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। आरिफ के पिता से भी बात की, लेकिन उन्होंने आरिफ को नहीं रोका। वहीं शुक्रवार रात मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद आरिफ अपने घर की तरफ जा रहा था। उसकी बेटी अपने घर की छत पर खड़ी थी। दोनों में इशारे हो रहे थे। जिसको देखकर तौसिन आपा खो बैठा और दौड़कर घर पहुंच गया। घर से तमंचा लाया और फिर भीड़ के बीच वारदात को अंजाम दे डाला। बताया गया कि घटनास्थल पर करीब 50 लोग मौजूद थे।

बधौली गांव निवासी आरिफ (18) पुत्र मंदूरी उर्फ अली मोहम्मद का एक किशोरी (16) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस मामले की जानकारी किशोरी के पिता तौसिन को लग गई। शुक्रवार को आरिफ गांव की मस्जिद में नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान मस्जिद के सामने भीड़ के बीच आरोपी तौसिन ने पहले आरिफ को चार गोलियां मारीं और फिर घर जाकर बेटी की दो गोलियां मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। यह नजारा जिसने भी देखा, वहीं दंग रह गया। इस दौरान किसी ने तौसिन को पकड़ने की जहमत नहीं उठाई। बेटी को गोली मारने के बाद आरोपी घर में ही रहा। पुलिस पहुंची तो आरोपी ने आरिफ के परिजनों पर ही हत्या का आरोप लगाए। हालांकि बाद में उसने अपना जुल्म कबूल कर लिया। वारदात से गांव में तनाव फैल गया। युवक को चार और किशोरी को दो गोलियां मारी गईं। किशोरी ने मरने से पहले अपने पिता के खिलाफ बयान दिया। पुलिस ने आरोपी तौसिन को हिरासत में ले लिया।