हरियाणा : 75वें स्वतंत्रता दिवस पर किसानों ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, अंबेडकर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

हरियाणा के हिसार में 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर किसानों द्वारा ट्रैक्टरों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल किसानों के अनुसार, आज तक देश के लिए जो भी जवान शहीद हुए हैं, वो किसान परिवार से ही थी। उन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए उन्होंने इन तिरंगा यात्रा का आयोजन किया है। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन कृषि कानून रद्द होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। तिरंगा यात्रा में काफी संख्या में महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग भी शामिल हुए व युवाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा रही। यात्रा की सबसे सुखद बात ये रही कि आयोजन पूरी तरह से व्यवस्थित व शांतिपूर्ण रहा।

यह यात्रा जिले के चारों टोल से शुरू होकर चौधरी छोटूराम चौक पर पहुंची और वहां से जिंदल चौक होते हुए लघु सचिवालय तक गई। किसान नेता कुलदीप खरड़ ने बताया कि इस ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा में सैकड़ों ट्रैक्टर शामिल किए गए। हिसार के चौधरीवास, चिकनवास, बाडोपट्टी और रायामण टोल से सैकड़ों किसान लाल बहादुर शास्त्री चौक पर जमा हुए थे। यात्रा करीब 12 किलोमीटर से ज्यादा लम्बी रही। जिसमें आसपास के एरिया के 3000 से ज्यादा ट्रैक्टर और किसान शामिल हुए। सुबह 11 बजे शुरू हुई यात्रा का शाम 3 बजे समापन हुआ। तिरंगा यात्रा के लिए किसानों ने अपने ट्रैक्टरों को सजाया हुआ था।

यात्रा के दौरान किसानों ने मटका चौक को किसान चौक बना दिया और इस चौक पर किसान चौक का बोर्ड भी लगा दिया गया। इससे पहले भी किसान एक बार यहां पर किसान चौक का बोर्ड लगा चुके हैं, जिसे प्रशासन द्वारा हटा दिया था। इस बार किसानों का कहना है कि यहां पर पक्का बोर्ड लगाया जाएगा और ये चौक अब किसानों के संघर्ष का प्रतीक बन गया है।