पाकिस्तान: कराची में अहमदिया समुदाय की मस्जिद में 15 लोगों ने की तोड़फोड़, पुलिस ने 5 को लिया हिरासत में

पाकिस्तान में गुरुवार को कराची के सदर में 10-15 लोगों ने अहमदिया समुदाय की मस्जिद में घुसकर तोड़फोड़ की। तोड़फोड़ के दौरान हमलावरों ने अहमदिया समुदाय के विरोध में नारे भी लगाए, लेकिन वहां मौजूद पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। हालांकि, बाद में कराची पुलिस ने FIR दर्ज करते हुए 5 संदिग्धों को हिरासत में किया है। हमला करने वाले लोग सुन्नी समर्थक कट्टर इस्लामिक जमात तहरीक-ए-लब्बैक (टीएलपी) के थे। आपको बता दे, 40 लाख की आबादी वाले अहमदियाओं के साथ 70 के दशक से ही भेदभाव हो रहा है। 1984 में जनरल जियाउल हक ने अहमदियाओं को मुसलमानों के रूप में पहचानने के अधिकार और अलग से इबादत की आजादी छीन ली थी। तब से पाकिस्तान में उन्हें दूसरे दर्जे का नागरिक मानकर उनके साथ जुल्म किया जाता रहा है।

अहमदिया समुदाय की मस्जिद पर पिछले 3 महीनों में ये पांचवा हमला है। इससे पहले कराची के ही जमशेद रोड स्थित अहमदी जमात खाते की मीनारें तोड़ दी गई थीं। घटना के बाद अहमदिया समुदाय के लोग सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।